संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

दो वर्ष पहले हुई थी शादी,10 माह के मासूम बेटे के सिर से उठा मां का साया

औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के तर्रई गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर कमरे में फंदे पर लटका मिला। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के तर्रई गांव निवासी ओमनारायन की 25 वर्षीय पत्नी ईश्वर्या कुमारी ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर के अंदर कमरे में फांसी लगा ली। बताया गया कि ईश्वर्या की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसका 10 माह का बेटा अक्षित है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता जुगल किशोर निवासी हज्जी का पूर्वा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बेटी की मौत की सूचना दी गई। जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव जमीन पर रखा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल विवाहिता की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *