-सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और रिजर्व पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम
औरैया। भारत की एकता एवं अखंडता के शिल्पकार, भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर एवं रिजर्व पुलिस लाइन औरैया में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने और देश की सुरक्षा व संप्रभुता के प्रति सदैव निष्ठावान रहने का संकल्प लिया। वहीं, रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित समारोह में रिजर्व पुलिस निरीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। यहां भी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर सरदार बल्लभ भाई पटेल के दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को याद किया गया। औरैया पुलिस ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
