हमीरपुर में तीन साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, आरोपी-पुलिस के बीच मुठभेड़; ग्रामीणों का हंगामा

हमीरपुर में तीन साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या

जगदीश
हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की जघन्य वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने घटनास्थल पर छिपाकर रखे असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले गया था, जहां उसने दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के साथ विवेचना की। इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे असलहे से पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। मुठभेड़ में घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी मुस्करा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीन साल की मासूम के साथ हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने राठ सीओ-कोतवाल समेत पुलिस की आधा दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *