अधिवक्ता हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, कालपी कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी लाइन हाजिर!

अधिवक्ता हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, कालपी कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी लाइन हाजिर!

गयादीन अहिरवार हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप, लापरवाही और शिथिलता के आरोपों पर गिरी गाज
राहुल कुमार

कालपी (जालौन)।कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड में पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। कालपी कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड के शुरुआती दौर में बरती गई लापरवाही और जांच में शिथिलता के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिवक्ता समाज लगातार कोतवाली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा था। जमीन विवाद के चलते वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार का अपहरण कर सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पूरे बुंदेलखंड के अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश है। बार एसोसिएशन ने इसे अधिवक्ता समाज पर हमला बताते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाली प्रभारी के लाइन हाजिर होते ही जालौन पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के बाद कालपी कोतवाली में नए प्रभारी की तैनाती को लेकर भी कयास तेज हो गए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह सिर्फ पहली कार्रवाई है। जब तक हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और साजिशकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। क्या इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस अपनी जांच में तेजी लाएगी? क्या गयादीन अहिरवार के परिवार को जल्द न्याय मिल पाएगा? पूरे जिले की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *