विशेष अभियान दिवस पर बूथों का निरीक्षण, मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही न बरतने के निर्देश

डीएम ने जीआईसी और नागा निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज के बूथों पर पहुंचकर बीएलओ से ली कार्यों की जानकारी

फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित बीएलओ से दावे-आपत्तियों तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) स्थित बूथ संख्या 37 से 42 तक तथा श्री नागा निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 65 से 68 तक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने और त्रुटियों में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का पंजीकरण प्राथमिकता से कराया जाए। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और सजगता से कार्य करें। उन्होंने आम नागरिकों से भी मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *