गौहानी के जंगल में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, गर्दन पर धारदार हथियार के निशान

गौहानी के जंगल में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी

हमीरपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के गौहानी गांव के जंगल में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पहचान गौहानी गांव निवासी हरीशचंद्र पुत्र महीपत के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, हरीशचंद्र सोमवार 2 नवंबर की शाम से लापता था। मंगलवार 3 नवंबर को जंगल में उसका शव मिलने की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के पीछे की वजह और संभावित आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *