संदीप धुरिया।
कुरारा। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घरों की दीवारें तोड़कर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कुरारा थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर ग्राम पंचायत के मजरा सिमरा गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर में रखे जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज समेटकर मौके से फरार हो गए। बताया गया कि गांव निवासी पूनम पत्नी स्वर्गीय धर्म सिंह रात में घर के अंदर सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने दीवार में सेंध लगाई और घर में दाखिल होकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा देख महिला के होश उड़ गए। पीड़िता ने कुरारा थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। महिला ने पुलिस से चोरी की घटना का खुलासा कर सामान बरामद कराने की गुहार लगाई है।
