शेरपुर सरैया में बन रही रिजर्व पुलिस लाइन का एसपी ने किया निरीक्षण,निर्माण की गुणवत्ता पर दिया जोर

आनंद कुशवाहा।

औरैया। थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम शेरपुर सरैया में निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को बारीकी से देखा। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी स्थिति और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से अब तक पूरे हो चुके निर्माण कार्यों और शेष कार्यों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। एसपी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं का पूरी तरह पालन किया जाए। गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक संसाधनों और बेहतर समन्वय के साथ निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। इसके अलावा अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करने और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए, जिससे रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *