सरसों की फसल देखकर लौट रहे युवक की हादसे में मौत,चार अन्य घायल

अयाना,औरैया। अयाना- बीझलपुर मार्ग पर बड़ी माता मंदिर के पास सोमवार शाम करीब चार बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने सभी घायलों को सीएचसी अयाना पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने विकास यादव (22) को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। विकास के बड़े भाई मलखान सिंह ने बताया कि विकास अविवाहित था और खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाता था। सोमवार शाम वह अपने दोस्त संजेश प्रजापति के साथ बाइक से खेत में खड़ी सरसों की फसल देखने गया था। वहां से दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ी माता मंदिर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर अयाना निवासी उमरेश चंद्र, उनके पुत्र दीपक और दामाद मनीष सवार थे। टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में संजेश और उमरेश को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि विकास समेत तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बड़े भाई मलखान, शिवपूजन समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *