गांव में जगह-जगह जलभराव और गंदगी के ढेर,सफाई कर्मी पर काम न करने का आरोप
औरैया। भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत ममरेजपुरखाम के मजरा गाँव नवादा में डेंगू बुखार का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। गांव में दर्जनों लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं, जबकि कुछ मरीज उपचार के बाद स्वस्थ भी हो चुके हैं। कई घरों में एक से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। इसके बावजूद गांव की सफाई व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह जलभराव, नालियों में जमा गंदगी और कूड़े के ढेर मच्छरों के पनपने का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी सफाई कर्मी गांव में सफाई करने नहीं आता है। ग्रामीणों के अनुसार संजू यादव की पत्नी रीता को करीब दस दिन से बुखार आ रहा है, जबकि उनकी बेटी कुमारी सेजन तीन दिन से बुखार से पीड़ित है। दोनों की एंटीजन किट से जांच में डेंगू की पुष्टि होने की बात कही गई है। इसके अलावा गांव के कन्हैया लाल यादव भी डेंगू से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है। रश्मि पत्नी बृजमोहन, सोनी पत्नी रमेश, विमल पुत्र रमेश और निशा पत्नी श्रीओम भी डेंगू की चपेट में हैं। वहीं सुरेंद्र, मुन्नू, गीता देवी पत्नी महेंद्र सिंह, अर्चना देवी पत्नी विकास सिंह, हाकिम सिंह और गोविंद पुत्र नरेश पाल सहित कई अन्य ग्रामीण भी डेंगू से पीड़ित बताए जा रहे हैं। गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। जगह-जगह पानी भरा हुआ है और नालियों में कीचड़ जमा है। कई स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे हैं। ग्रामीण बृजमोहन ने बताया कि उन्होंने गांव में तैनात सफाई कर्मी से फोन पर सफाई व्यवस्था को लेकर बात की थी। आरोप है कि सफाई कर्मी ने गांव आने से मना करते हुए कहा कि जहां शिकायत करनी हो कर दो, वह सफाई करने नहीं आएगा। बृजमोहन का कहना है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियमित सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। जगह-जगह जलभराव और गंदगी के कारण डेंगू फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच कराने, एंटी लार्वा का छिड़काव कराने और ग्राम पंचायत से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
