18 नवंबर से वार्ड कमेटी की बैठक में सुनाई जाएगी आलेख्य निर्वाचक नामावली, होगा नामों का सत्यापन

आनंद कुशवाहा।

औरैया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने अवगत कराया है कि कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के पत्र दिनांक 14 नवंबर 2026 के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम सभा एवं वार्ड कमेटी की बैठक आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि उक्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद की समस्त ग्राम सभाओं एवं वार्डों में दिनांक 18 नवंबर 2026 को ग्राम सभा/वार्ड कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाएंगे तथा मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने ग्राम सभा/वार्ड कमेटी की बैठक में उपस्थित होकर आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है। अतः सभी संबंधित नागरिक इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *