अहंकार त्यागकर प्रकृति और जीवों की सेवा करना ही सच्ची भक्ति, कृष्णनंदन महाराज

माखन चोरी से गोवर्धन लीला तक गूंजी श्रीकृष्ण की महिमा, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु श्रीकृष्ण की लीलाओं में छिपा है जीवन का सार,उमड़े श्रद्धालु इंद्र का अहंकार तोड़ भगवान ने दिया विनम्रता का संदेश, भावविभोर हुए भक्त

चित्रकूट। जिला मुख्यालय के कछार पुरवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस पर कथा व्यास भागवताचार्य पूज्य श्री कृष्णनंदन जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं, माखन चोरी और गोवर्धन पूजा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में भावविभोर हो उठे।महाराज जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला मानव जीवन को एक नई सीख देती है। उनकी बाल लीलाएं प्रेम,वात्सल्य और भक्ति का संदेश देती हैं। भगवान ने गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र के अहंकार को चूर किया और संसार को यह शिक्षा दी कि मनुष्य को कभी अपनी शक्ति, धन और पद का अभिमान नहीं करना चाहिए।गोवर्धन लीला का प्रसंग सुनाते हुए महाराज जी ने कहा कि प्रकृति हमारी जीवनदायिनी है। पर्वत, नदियां,वृक्ष और गौ माता मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनका संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवों के प्रति दया, प्रकृति के प्रति प्रेम और जरूरतमंदों की सेवा में भी निहित है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है। परिवार में माता-पिता का सम्मान, बड़ों की सेवा, बच्चों को अच्छे संस्कार और समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारा बनाए रखना ही धर्म का वास्तविक स्वरूप है।मनुष्य को अपने जीवन में अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष का त्याग कर सत्य, सदाचार, परोपकार और भगवान के नाम स्मरण को अपनाएं। इससे व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज में सुख, शांति और सद्भाव स्थापित होगा।इस अवसर पर मुख्य यजमान राधेरमण पयासी, क्षेमवती,रामसूरत पयासी,सावित्री देवी,अनूप पयासी,चित्रकूट प्रेस क्लब अध्यक्ष सत्यप्रकाश द्विवेदी,वरिष्ठ पत्रकार निरंजन मिश्र,सुनील कुमार पयासी, लवकुश कुमार पयासी,देवेंद्र कुमार पांडेय,जावित्री,सतरूपा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *