25 एकड़ में होगा गेहूं की उन्नत प्रजाति का प्रदर्शन, वैज्ञानिकों ने बताए खेती के तरीके
आनंद कुशवाहा।
औरैया। कृषि विज्ञान केंद्र औरैया की ओर से एससी-एसपी योजना के अंतर्गत अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (एफएलडी) कार्यक्रम के तहत 25 किसानों को गेहूं की उन्नत प्रजाति DBW-187 का बीज वितरित किया गया। इसके माध्यम से किसानों के कुल 25 एकड़ क्षेत्रफल में उन्नत गेहूं की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्र प्रभारी डॉ. रामपलट ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत बीज और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों से परिचित कराना है। गुणवत्तायुक्त बीज और उचित कृषि प्रबंधन अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ा सकते हैं। उन्होंने समय से बुवाई और संतुलित उर्वरक प्रयोग करने की सलाह दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. रश्मि यादव ने किसानों को बीज उपचार, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक और उचित सिंचाई प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने फसल की नियमित देखभाल पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति के किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर गेहूं की उत्पादकता बढ़ाना तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।
