कार्ड, पढ़ाई, कमाई और दवाई को बताया विकास का मूल मंत्र
फतेहपुर। जिले की राजनीति में जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसेवा की नई कार्यसंस्कृति विकसित करने की मंशा के साथ प्रवीण पाण्डेय ने फतेहपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी बनने की आकांक्षा जाहिर की है। जनता के नाम जारी अपने आत्मीय संवाद में उन्होंने राजनीतिक सोच, विकास की प्राथमिकताओं और जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी प्रस्तावित कार्यशैली को सामने रखा। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और समाज की सेवा का जरिया होनी चाहिए।प्रवीण पाण्डेय का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं को उठाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी उनका स्थायी समाधान कराना है। केवल समस्याओं पर आवाज उठाने से बदलाव नहीं आता, बल्कि उनकी जिम्मेदारी लेकर व्यवस्था में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करना पड़ता है। उनका उद्देश्य ऐसी राजनीति को बढ़ावा देना है, जिसमें जनता के प्रति जनप्रतिनिधि की जवाबदेही सुनिश्चित हो और चुनाव जीतने के बाद भी जनता से उसका संपर्क बना रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद केवल चुनाव के समय तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए क्षेत्र में स्थायी जनसंपर्क कार्यालय स्थापित करने, नियमित जनसंवाद आयोजित करने और विधानसभा क्षेत्र में निरंतर प्रवास करने की व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। इससे आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उनकी शिकायतों के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सकेगी। विकास के मुद्दे पर उन्होंने युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उद्योगों को बढ़ावा देने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके साथ ही किसानों की खुशहाली, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी विकास संबंधी सोच का हिस्सा है। उन्होंने अपने विकास के मूल मंत्र को पढ़ाई, कमाई और दवाई के रूप में प्रस्तुत किया। प्रवीण पाण्डेय ने जनप्रतिनिधि के रूप में हर छह महीने में सार्वजनिक रिपोर्ट कार्ड जारी करने की प्रतिबद्धता भी जताई। इसमें क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों, उपलब्धियों, जनता से किए गए वादों और अब तक लंबित समस्याओं का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की बात कही। उनका मानना है कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि उसके प्रतिनिधि ने कितने काम किए और किन समस्याओं का समाधान अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना और असहमति का विशेष महत्व है। जनता के सवालों और सुझावों को गंभीरता से सुनना ही एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ऐसे वादे नहीं करना चाहते, जिन्हें पूरा करना संभव न हो। उनकी कोशिश रहेगी कि सार्वजनिक जीवन में उनकी पहचान किसी पद या प्रचार से नहीं, बल्कि काम, व्यवहार और जनता के विश्वास से बने। फतेहपुर को अपनी मिट्टी और अपनी पहचान से जुड़ा बताते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में उनका उद्देश्य केवल बड़ा पद हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी को बड़ा बनाना है।
