कालपी के निकासा पुरा में कागज फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, पल्पशीट और कच्चा माल जलकर राख

राहुल कुमार।

जालौन। नगर के निकासा पुरा मोहल्ले में गुरुवार दोपहर एक कागज फैक्ट्री में अचानक आग लगने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा लपटों और धुएं से घिर गया।जानकारी के अनुसार निकासा पुरा निवासी तुलसीराम कोष्टा की कागज फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। फैक्ट्री के एक हिस्से से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।परिसर में कच्चा माल, रॉ मैटेरियल और पल्पशीट का भारी स्टॉक रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कागज और पल्पशीट ज्वलनशील होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में धुएं के काले गुबार छा गए, जो दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे।आसपास के लोगों ने धुआं और लपटें उठती देख इसकी सूचना फैक्ट्री संचालक तथा अग्निशमन विभाग को दी। खबर फैलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोग अपनी आंखों से फैक्ट्री को जलते देख दहल गए।घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए कालपी की दमकल पर्याप्त नहीं पड़ी, तो उरई से भी दमकल वाहन बुलाना पड़ा। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे रहे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।इस अग्निकांड में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का कच्चा माल, पल्पशीट और तैयार माल जलकर राख हो गया। फैक्ट्री के भवन और मशीनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *