उरई मेडिकल कॉलेज में बवाल! ABVP ने प्राचार्य को बताया रावण, पुतला फूंका, 24 घंटे में जिला छोड़ने की धमकी

राहुल कुमार
उरई / जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई एक बार फिर सुर्खियों में है। शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर पूरे परिसर में हड़कंप मचा दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य का पुतला बनाकर बीच सड़क पर दहन किया। पुतले पर चप्पलें मारते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्राचार्य मुर्दाबाद के नारे लगाए।इतना ही नहीं, प्रदर्शन में प्राचार्य को रावण के रूप में दर्शाती एक रिकॉर्डिंग भी चलाई गई, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। ABVP नेताओं ने मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी 24 घंटे के अंदर जालौन जिला नहीं छोड़ते हैं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक पीछे नहीं हटेंगे। बता दें कि पूरा विवाद मेडिकल कॉलेज में BSc नर्सिंग के परीक्षा परिणाम को लेकर शुरू हुआ था। छात्रों का आरोप है कि परिणाम में गड़बड़ी हुई है। इसी को लेकर छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।उसी दिन से विद्यार्थी परिषद लगातार प्राचार्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें नहीं मानी जा रही हैं और उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है। अब सबकी नजर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन पर टिकी है। ABVP के 24 घंटे के अल्टीमेटम के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है, ये देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *