हम सबका एक ही नारा, बाल विवाह मुक्त हो भारत हमारा

बालिकाओं ने ली बाल विवाह न करने की शपथ महिला कल्याण विभाग ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम।

आनंद कुशवाहा।

औरैया। शासन की मंशानुरूप जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार और मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के नेतृत्व एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार की देखरेख में महिला कल्याण विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायत ककोर बुजुर्ग स्थित जनता इंटर कॉलेज में बाल विवाह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों एवं इसकी रोकथाम के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत 18 वर्ष से कम आयु की बालिका तथा 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह करना, करवाना अथवा उसमें सहयोग करना दंडनीय अपराध है। इसके लिए दो वर्ष तक के कठोर कारावास एवं एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षिक दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही समुदाय में बाल विवाह के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय में उपस्थित समस्त छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को बाल विवाह न करने तथा अपने आसपास बाल विवाह न होने देने की शपथ दिलाई गई। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे और समाज में कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर उसके रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा विभाग में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिससे जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार शर्मा, महिला कल्याण विभाग से डीएमसी श्रीमती सपना देवी, श्रीमती स्मृति सिंह (परामर्शदाता), सुपरवाइजर श्रीमती पूजा पाठक, मल्टीपरपज अनूप कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालक-बालिकाओं को बाल विवाह के प्रति जागरूक कर समाज में इस कुप्रथा को समाप्त करना तथा एक ऐसे सुरक्षित एवं शिक्षित समाज का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक बालिका को शिक्षा, सम्मान और अपने भविष्य को संवारने का समान अवसर प्राप्त हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *