संदीप धुरिया।
मुस्करा कांड के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, आरोपी हीरालाल के मकान को कराया गया क्षतिग्रस्त; मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम
हमीरपुर। जिले के मुस्करा कस्बे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की सनसनीखेज घटना के बाद प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को आरोपी हीरालाल के मकान पर बुलडोजर चलवाकर उसे क्षतिग्रस्त कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।दरअसल, एक नवंबर को मुस्करा कस्बे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो देर शाम बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर खेत में मिला। इस घटना के बाद पूरे कस्बे में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले हीरालाल पर बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया था।घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया था। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति बन गई तथा पथराव में सीओ राठ की सरकारी गाड़ी समेत कई पुलिस वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मृगांक शेखर पाठक के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह पुलिस आरोपी को साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पुलिस के अनुसार आरोपी ने छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे पहले सीएचसी मुस्करा और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी सनसनीखेज मामले के बाद अब प्रशासन ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलवाकर उसे क्षतिग्रस्त कराया है।मकान के ध्वस्तीकरण का आधिकारिक आधार और कार्रवाई से संबंधित विस्तृत प्रशासनिक बयान अभी स्पष्ट नहीं है।
