स्व. आर.एन. वर्मा आईपीएस चौक का भव्य शुभारंभ, महापौर प्रमिला पाण्डेय ने किया लोकार्पण,

कानपुर में स्व. आर.एन. वर्मा आईपीएस चौक का भव्य शुभारंभ, महापौर प्रमिला पाण्डेय ने किया लोकार्पण, कानपुर में समाजसेवा और कर्तव्य परायणता के प्रतीक रहे स्व आर.एन. वर्मा आईपीएस की स्मृति में समर्पित स्व. आर.एन. वर्मा आईपीएस चौक का शुभारंभ शुक्रवार को बड़े ही गरिमामय वातावरण में किया गया। चौक का शुभारंभ एवं लोकार्पण कानपुर की महापौर प्रमिला पाण्डेय के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया एवं पार्षद आरती विजय गौतम ने विधि-विधान से पूजन कर चौक का पूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं परिवार के लोग उपस्थित रहे। बताते चलें कि स्व आर.एन. वर्मा आईपीएस ने अपने सम्पूर्ण जीवन में पद, प्रतिष्ठा से ऊपर उठकर निर्धन, असहाय और मजलूमों की सेवा को ही अपना धर्म माना। पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने हमेशा गरीब की आवाज को सुना, पीड़ित को न्याय दिलाया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाई। वे अनुशासन, ईमानदारी और मानवता के ऐसे उदाहरण थे, जिन्हें आज भी लोग श्रद्धा से याद करते हैं। उनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। महापौर ने कहा कि स्व आर.एन. वर्मा जैसे अधिकारी बिरले ही होते हैं, जिन्होंने वर्दी को सेवा का माध्यम बनाया। उनके जन्मदिवस पर इस चौक का नाम उनके नाम पर रखना कानपुर के लिए गर्व की बात है। यह चौक आने वाली पीढ़ियों को याद दिलाएगा कि पद बड़ा नहीं होता, सेवा बड़ी होती है। नगर निगम ऐसे महापुरुषों के सम्मान को हमेशा आगे बढ़ाता रहेगा। पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया ने कहा कि आर.एन. वर्मा से मेरा पुराना संबंध था। वे हमेशा जनता के दुख-दर्द में खड़े दिखाई देते थे। चाहे कोई गरीब हो या परेशान व्यक्ति, उन्होंने कभी किसी को निराश नहीं लौटाया। आज उनके नाम पर चौक का लोकार्पण होना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। पार्षद आरती विजय गौतम ने कहा कि यह हमारे वार्ड के लिए सौभाग्य है कि इस चौक को स्व. आर.एन. वर्मा का नाम मिला है। मैं महापौर का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। इस चौक के सौंदर्यीकरण और रख-रखाव के लिए हम निरंतर प्रयास करेंगे, ताकि यह स्थान प्रेरणा का केंद्र बना रहे। भावुक होते हुए रत्नेश वर्मा शीलू ने नम आंखों से कहा कि हमारे बाबू जी ने जीवन पर्यंत निर्धन, असहाय समाज की सेवा में अपना जीवन लगा दिया। उन्होंने पद पर रहते हुए हमेशा समाज के मजलूम और परेशान व्यक्ति की मदद की। उन्हीं के जन्मदिवस पर महापौर ने जो तोहफा दिया है, उसके लिए हम जीवन भर ऋणी रहेंगे। बाबू जी द्वारा दिखाए गए रास्तों पर ही हम चल रहे हैं और आगे भी उनकी सेवा भावना को जीवित रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्व. आर.एन. वर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *