ईवीएम मशीन को लेकर एसडीएम ने लोगों को किया जागरूक

हमीरपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग ने ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट को लेकर मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने की पहल शुरू की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को राठ तहसील परिसर में एसडीएम चित्रा निर्वाल ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन कर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।एसडीएम चित्रा निर्वाल ने मशीनों की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि ईवीएम और वीवीपैट का संचालन बेहद सरल है। मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने लगे बटन को दबाकर मतदान कर सकते हैं। वीवीपैट मशीन के माध्यम से मतदाता कुछ सेकंड के लिए पर्ची देखकर यह पुष्टि कर सकता है कि उसका वोट किस प्रत्याशी के पक्ष में दर्ज हुआ है।उन्होंने बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को लेकर मतदाताओं के मन में किसी प्रकार की भ्रांति न रहे और मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास कायम रहे, इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से जागरूकता एवं प्रदर्शन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम लोगों के समक्ष मशीनों का प्रदर्शन कर उन्हें मतदान प्रक्रिया से परिचित कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *