एकादशी पर बाजारों में उमड़ी भीड़, गन्ना-सिंघाड़ा की खूब हुई बिक्री

देवउठनी एकादशी पर बाजारों में उमड़ी भीड़, गन्ना-सिंघाड़ा की खूब हुई बिक्री- पूजन सामग्री और मौसमी सब्जियों की खरीदारी के लिए सुबह से शाम तक बाजारों में रही चहल-पहलफतेहपुर। देवउठनी एकादशी का पर्व शुक्रवार को जिले भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही शहर के बाजारों और प्रमुख चौराहों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना के लिए फल, फूल, पूजन सामग्री और मौसमी सब्जियों की जमकर खरीदारी की।इस दौरान बाजारों में गन्ना, सिंघाड़ा, पालक, मूली, बैंगन और चने के साग की विशेष मांग रही। खासकर गन्ना और सिंघाड़ा खरीदने के लिए दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शहर के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और कस्बों में सड़क किनारे दुकानें सजी नजर आईं। सुबह से शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। पर्व के चलते अच्छी बिक्री होने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले रहे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन श्रद्धालु भगवान विष्णु की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। पर्व के अवसर पर जिले के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *