खागा डायग्नोस्टिक सेंटर में सीएमओ ने पकड़ी गड़बड़ी, नोटिस भी थमाया, फिर भी सेंटर पर सबकुछ पहले जैसा!

गजब मृत डॉक्टर के नाम पर अल्ट्रासाउंड का खेल। नोटिस के बाद भी जारी सेंटर का संचालन, सोनोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर पर सवाल- सीएमओ के निरीक्षण में गैरमौजूद मिले पंजीकृत चिकित्सक, टेक्नीशियन कर रहा था अल्ट्रासाउंड

शीबू खान।

फतेहपुर। खागा कस्बे में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। टाउन एरिया रोड स्थित खागा डायग्नोस्टिक सेंटर में अनियमितताओं की शिकायत, सीएमओ के निरीक्षण और विभागीय नोटिस के बावजूद कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। हैरानी की बात यह है कि निरीक्षण के बाद भी सेंटर से लगातार सोनोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर वाली अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट जारी किए जाने की शिकायत सामने आ रही है। बताते चलें कि नया नगर खागा निवासी गजाधर सिंह ने सीएमओ को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि सेंटर का पंजीकरण डॉ. मनोज कुमार के नाम पर है, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद उनके नाम और कथित हस्ताक्षरों के सहारे अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। शिकायत में सेंटर संचालक मो. सरवर रजी उर्फ राजू खान की डिग्री पर भी सवाल उठाए गए थे। साथ ही सामने स्थित बेसमेंट में संचालित मंथन हॉस्पिटल को लेकर भी शिकायत की गई थी।इनसेट बॉक्स निरीक्षण में खुली अनियमितताओं की परतमुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की ओर से 12 नवंबर 2026 को किए गए निरीक्षण के संबंध में जारी नोटिस के अनुसार, दोपहर 1:39 बजे पंजीकृत चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सेंटर पर मौजूद नहीं मिले। उनकी गैरमौजूदगी में तकनीकी सहायक मरीजों का अल्ट्रासाउंड करता पाया गया। निरीक्षण में पीसीपीएनडीटी अधिनियम-1994 के प्रावधानों का उल्लंघन भी दर्ज किया गया। इस पर संचालक को 13 नवंबर तक चिकित्सक सहित उपस्थित होकर मूल अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। पंजीकरण निरस्त कराने के लिए पत्रावली भेजने की चेतावनी भी दी गई थी।इनसेट बॉक्स नोटिस के बाद भी रिपोर्ट जारी, विभाग की चुप्पी पर सवालएक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद कार्रवाई की स्थिति सामने नहीं आई है। सवाल यह भी है कि जब निरीक्षण में चिकित्सक गैरमौजूद मिले तो अब जारी हो रही रिपोर्टों पर सोनोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर किस आधार पर हो रहे हैं? क्या चिकित्सक वास्तव में सेंटर पर उपस्थित रहते हैं या उनके नाम और हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया जा रहा है? स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्टों, हस्ताक्षरों, चिकित्सक की उपस्थिति और पंजीकरण का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठ रही है।इनसेट बॉक्स क्या बोले जिम्मेदार इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ यू बी सिंह ने बताया कि पत्रावली का निरीक्षण करके नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *