राहुल कुमार उरई जालौन।
बोले- एक भी घर न छूटे, हर दरवाजे पर पहुंचे दस्तक
विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तृतीय चरण का शुभारम्भ गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, एवं जिलाधिकारी समीर ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को संचारी रोग नियंत्रण की शपथ दिलाकर की।विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें तथा बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतते हुए तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं।जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखना और जलभराव रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से दस्तक अभियान में आशा और एएनएम कार्यकत्रियों का सहयोग करने की अपील की।जिलाधिकारी समीर ने कहा कि अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, गंदा पानी जमा न होने दें और मच्छरों के पनपने के संभावित स्थानों को समाप्त करें। यदि किसी व्यक्ति को बुखार के लक्षण दिखें तो तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर संचारी रोगों, दिमागी बुखार से बचाव, लक्षण एवं उपचार के बारे में जानकारी देंगे।
