औरैया के तिरंगा मैदान ककोर में धूमधाम से संपन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह, प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु जी’ व अन्य नेताओं, अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद।*’औरैया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को जनपद औरैया के ककोर स्थित तिरंगा मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 457 नव युवतियां एवं युवक दांपत्य सूत्र में बंधकर एक दूसरे के जीवनसाथी बने। इनमें 453 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार वैदिक मंत्रोच्चारण व हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, वहीं 04 मुस्लिम जोड़ों का मौलाना साहब के द्वारा निकाह पढ़ाकर मुस्लिम रिवायतों के साथ दांपत्य जीवन में प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन राकेश कुमार राठौर ‘गुरु जी’ ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री श्री राठौर ‘गुरु जी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक और धूमधाम से संपन्न कराया जाता है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी परिवार को अपनी बेटी के विवाह में कठिनाई का सामना न करना पड़े और बेटियों को यह महसूस न हो कि वे किसी गरीब परिवार से हैं अथवा अपने अभिभावकों पर बोझ हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार तथा स्वावलंबन तक के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।प्रभारी मंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सभी नवदंपति आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान एवं सहयोग के साथ अपने वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाएं और सुखमय जीवन व्यतीत करें।भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है और बेटियों का विवाह सामाजिक सम्मान के साथ संपन्न होता है।उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कन्या के बैंक खाते में धनराशि अंतरित करने के साथ ही नवदंपतियों को गृहस्थी में उपयोग आने वाली आवश्यक सामग्री, जैसे पायल, बिछिया, वस्त्र एवं बर्तन आदि उपलब्ध कराए जाते हैं।सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई देते हुए कहा कि विवाह जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। सभी जोड़े आपसी समझ, विश्वास एवं प्रेम के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। उन्होंने नवदंपतियों के सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक कमल दोहरे ने नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता एवं आपसी सौहार्द का भी प्रतीक है।सामूहिक विवाह समारोह में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/ रा0) अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अरसला नाज, उप जिलाधिकारी बिधूना (न्यायिक) निखिल राजपूत, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संत कुमार तथा नगर पंचायत दिबियापुर के अध्यक्ष राघव मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक एवं नवविवाहित जोड़ों के अभिभावक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 457 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ।
