समतल जमीन के कारण दिखाई नहीं देता था कुआं, ग्रामीणों ने जाली लगवाकर बंद कराने की मांग उठाई
औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र में मुरादगंज मार्ग पर उजीतीपुर गांव के पास बुधवार शाम बाजरे के खेत में बकरियां चराते समय खुले कुएं में गिरकर 39 वर्षीय बकरी व्यापारी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। नगर के मोहल्ला मोतीपुर निवासी विपिन उर्फ लल्ली पुत्र स्व. रामेश्वर दयाल बकरी का व्यापार करता था। बुधवार शाम वह बकरियां चराने के लिए घर से निकला था। उजीतीपुर गांव के पास श्याम सुंदर के बाजरे के खेत में बकरियां चराते समय वह खुले कुएं में गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। आसपास बकरियां चरा रहे लोगों ने घटना देखी तो परिजन और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया। टीम ने प्रयास कर शव को कुएं से बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, कुआं जमीन के समतल होने के कारण दिखाई नहीं देता है। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने कुएं के ऊपर जाली लगवाकर उसे बंद कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो। मृतक अविवाहित था। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
