10 लोगों को सदर अस्पताल से गंभीर हालत में भेजा गया कानपुर
रियल मीडिया नेटवर्क
हमीरपुर। चित्रकूट से बच्चों के मुंडन संस्कार कराकर ट्रैक्टर ट्रॉली से लौट रहे थाना बिवांर के भुगैचा गांव के एक ही परिवार के लोग कानपुर सागर हाईवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गए। डंपर की टक्कर लगने से ट्रॉली में बैठे 20 से अधिक महिला-पुरुष और बच्चे घायल हुये हैं। जिनमें दो की मौत हो चुकी है। 13 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मौदहा सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर वहां से 10 घायलों को कानपुर रेफर किया गया है। इनमें कई की हालत बहुत ही नाजुक बनी हुई है।
बिवांर थाना क्षेत्र के भुगैचा गांव के एक परिवार के नाते-रिश्तेदार शनिवार की सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर बच्चों के मुंडन संस्कार कराने के लिये चित्रकूट रवाना हुए थे। ट्रैक्टर गांव का ही शिवा चला रहा था। चित्रकूट से वापस आते समय रविवार को रात करीब 11 बजे के आसपास ट्रैक्टर ट्रॉली मौदहा पहुंचने वाली थी। इनको नरायच से दो किमी मौदहा की ओर चलने के बाद भुगैचा जाने जाने के लिए मुड़ना था। लेकिन तभी किसान पेट्रोल पंप के समीप महोबा की ओर जा रहे डंपर ने ट्रैक्टर ट्रॉली में सीधी टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार सभी लोग हाईवे में छिटककर चारों तरफ जाकर गिरने से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को एंबुलेस से लादकर सीएचसी मौदहा लाया गया। जहां शिवभान सिंह 45 वर्ष को मृत घोषित कर दिया गया। इधर 20 से अधिक घायलों में से 13 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में भुगैचा गांव निवासी कविता 45 वर्ष पत्नी रविकरन को मृत घोषित कर दिया गया। जिला अस्पताल से 10 गंभीर घायलों में अंकित 25 वर्ष पुत्र रविकरण, कमलेश सिंह 55 वर्ष पत्नी छक्की सिंह, सपना 33 वर्ष पत्नी भास्कर, राजकिशोरी 70 वर्ष पत्नी शिवबरन सिंह समस्त निवासीगण भुगैचा थाना बिवांर, शशि सिंह 42 वर्ष पत्नी राजेश सिंह, गायत्री देवी 29 वर्ष पत्नी मोनू सिंह निवासीगण अलीपुर थाना कदौरा जालौन, सत्तो सिंह 45 वर्ष पत्नी शिवभान सिंह निवासी चांदपुर फतेहपुर, जया 25 वर्ष पुत्री शिवभान सिंह निवासी चांदपुर फतेहपुर, नीलम 38 वर्ष पत्नी युवराज निवासी सिंहपुर कबरई महोबा, पारुल 25 वर्ष पत्नी मनीष निवासी सैमसी
थाना जाफरगंज फतेहपुर को गंभीर हालत में कानपुर रिफर किया गया है। जबकि बबली 45 वर्ष पत्नी पवन तिवारी, अभय 11 वर्ष पुत्र राघवेंद्र सिंह और राकेश 20 वर्ष पुत्र पवन का जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।

