झोलाछाप ने किया गलत इलाज, हुई मौत

डॉक्टर ने 5 लाख देकर किया समझौता
रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी की मिली भगत से कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दर्जनों अस्पताल बगैर पंजीकरण के संचालित हैं। स्वास्थ्य विभाग कभी इन पर कार्यवाही नहीं करता है। इसी का फायदा उठाकर यह लोगों की जान लेने में मशगूल रहते हैं। 6 माह के अंतराल में दो तथाकथित डॉक्टरों ने दो जानें लेकर सनसनी पैदा कर दी है।
कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दर्जनों झोलाछाप डॉक्टर बाकायदा क्लीनिक खोलकर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। इनके पास डॉक्टर की कोई डिग्री नहीं है लेकिन उन्होंने बड़ी-बड़ी डिग्रियों के अस्पतालों के बाहर बोर्ड लगाकर खुद को फिजिशियन सर्जन लिख रखा है। यह छोलाछाप डॉक्टर बगैर किसी डिग्री के ऑपरेशन से लेकर तमाम गंभीर बीमारियों का उपचार करते हैं। हालत बिगड़ने पर बड़ी सफाई से मरीज को बाहर के लिए रेफर कर देते हैं। ऐसा ही वाक्या सोमवार को कस्बे के पशु बाजार के नजदीक एक क्लीनिक पर घटित हुआ। खुद को आयुर्वेदाचार्य बताने वाले डॉक्टर साहब ने एक वृद्ध को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाते ही वृद्ध की हालत बिगड़ी और उल्टी होते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। डॉक्टर साहब ने ऑक्सीजन की जरूरत बताकर वृद्ध को हमीरपुर रेफर कर दिया। हमीरपुर में वृद्ध को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मृत वृद्ध को लेकर लौटे परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। गर्दन फंसती देखकर डॉक्टर साहब ने परिजनों से समझौता कर लिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौट गए। झोलाछाप के उपचार से यह 6 माह के अंतराल में दूसरी मौत है। इसके पूर्व धुंधपुर में भी गलत उपचार से एक वृद्ध की मौत हुई थी। जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ था और डॉक्टर साहब को जेल की हवा खानी पड़ी थी लेकिन उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऐसा कोई अभियान नहीं चलाया। जिससे इस झोलाछापों की दुकानों में ताले पड़ सके। जिले के नोडल अधिकारी डा. चतुर्भुज राजपूत ने बताया कि समय-समय पर छापेमारी की जाती है और कार्यवाही भी होती है। सुमेरपुर में हुई इस घटना की जानकारी नहीं मिली है। वह इस मामले की जांच करेंगे। बता दें कि वृद्ध की मौत के बाद से डॉक्टर साहब ने क्लीनिक में ताला लटक रहा है और वह गायब है। कस्बे के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि फर्जी ढंग से संचालित क्लीनिकों की जांच के लिए जिले स्तर पर टीम बनी हुई है। वह इस घटना से टीम को अवगत कराकर कार्यवाही के लिए कहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *