बण्डा की विद्युत आपूर्ति चार दिन से ठप ग्रामीण परेशान

भरुआ सुमेरपुर। गत चार दिनों से ग्राम बण्डा की विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण गर्मी से जूझ रहे हैं अवर अभियंता के फोन नहीं उठाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीओ से करके आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। एसडीओ ने शाम तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
बण्डा के पूर्व प्रधान जन सत्ता दल के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि फाल्ट के चलते पिछले चार दिनों से गांव की आपूर्ति ठप है। बच्चे, बुढों के साथ महिलाएं गर्मियों के चलते बिलबिला रही हैं। गांव की 4500 की आबादी बूंद बूंद पानी को तरस रही है। पूर्व प्रधान का आरोप है कि अवर अभियंता महेश चन्द्र तिवारी फोन नहीं रिसीव कर रहे हैं। लाइनमैन कौन है कोई नहीं बता रहा है। इससे समस्या बढी है पूर्व प्रधान ने सोमवार को समस्या से एसडीओ विद्युत एमपी सिंह को अवगत कराकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। एसडीओ ने शाम तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है। विदोखर सब स्टेशन के अवर अभियंता महेश चंद्र तिवारी ने बताया कि आकाशीय गर्जना के चलते हाई टेंशन लाइन की इंसुलेटर फूंके हैं। इस वजह से आपूर्ति ठप है। बदलने का कार्य युद्धस्तर पर हो रहा है। शाम को आपूर्ति बहाल हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *