पार्टी नेताओं से वार्ता कर ली जानकारी
हासिल किया परिजन का फोन नंबर
भरुआ सुमेरपुर। बंद यमुना पुल से मां का शव लेकर गांव जाने वाले पुत्रों से सपा मुखिया वीडियो कॉल के माध्यम से बात करके पीड़ित परिवार को सांत्वना प्रदान करेंगे। इसके लिए उन्होंने पार्टी नेताओं के माध्यम से परिजनों का नंबर लिया।
शनिवार सुबह 6:00 बजे से लेकर सोमवार सुबह 6:00 बजे तक मरम्मत के चलते यमुना पुल बंद रखा जाता है। टेढ़ा निवासी मानसिंह उर्फ बिंदा यादव की मां का इलाज के दौरान शनिवार को तड़के कानपुर में निधन हो गया था। मानसिंह अपने छोटे भाई जय सिंह के साथ मां शिव देवी का शव कानपुर से लेकर करीब 9:30 बजे यमुना पुल पर आया। पुल बंद होने के कारण सुरक्षा कर्मियों ने एंबुलेंस को पुल के उस पार ही रोक लिया।आरजू मिन्नत के बाद एंबुलेंस को नहीं निकाला गया। तब दोनों भाई एंबुलेंस चालक की मदद से मां के शव को स्ट्रेचर में रखकर पैदल यमुना पुल पार किया। इस खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया। शनिवार को जिलाध्यक्ष इदरीश खान सहित सपा नेताओं ने अखबारों की कटिंग सपा मुखिया अखिलेश यादव को भेजकर घटनाक्रम से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सपा मुखिया ने पार्टी नेताओं से वार्ता करके पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करके सांत्वना प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने पीड़ित परिवार का फोन नंबर सपा मुखिया को उपल्ब्ध करा दिया गया है। शाम तक बात होने की उम्मीद है। पार्टी नेताओं ने पीड़ित परिवार को सपा मुखिया के संदेश से अवगत करा दिया है। पीड़ित परिवार सपा मुखिया के फोन आने का इंतजार कर रहा है।
