तिरंगा रैली को सदर विधायक, ब्लाक प्रमुख व थानाध्यक्ष ने झंडा दिखाकर किया रवाना

व्यापार मंडल व ईरिक्शा संघ के संयुक्त तत्वावधान मे निकली तिरंगा रैली से दिया गया एकजुटता का संदेश

भरुआ सुमेरपुर। आजादी की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत व्यापार मंडल व ईरिक्शा संघ के संयुक्त तत्वावधान में कस्बे में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। इस तिरंगा रैली का शुभारंभ गायत्री तपोभूमि से सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति, ब्लाक प्रमुख जयनरायन सिंह यादव व थानाध्यक्ष अनूप सिंह द्वारा झंडा दिखाकर किया गया। इस विशाल रैली से स्वतंत्रता दिवस पर्व पर कस्बा तिरंगामय हो गया। रैली मे शामिल ईरिक्शा चालकों सहित सभी में देशप्रेम को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। हर कोई तिरंगा दिखाकर देशभक्ति का इजहार करता सड़कों पर दिखा। तिरंगा रैली में देशभक्ति के तरानों के साथ नगर के जिस मार्ग और चौराहे से गुजरी वहां तिरंगा लिए देशभक्तों का लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया और भारत माता की जय व वंदे मातरम का उद्घोष किया। इस रैली में क्षेत्र के करीब तीन सैकड़ा ईरिक्शा चालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अपने-अपने ईरिक्शा में झंडा लगाकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए तिरंगा रैली निकाली।
तिरंगा रैली गायत्री तपोभूमि से शुरू होकर नेहा चौराहा, थाना, बस स्टैंड, लक्ष्मीबाई तिराहा, कमलेश तिराहा, मैथलीशरण मार्ग से हाइवे होते हुए वापस तपोभूमि पहुंची। तिरंगा रैली के माध्यम से पूरे नगर और हर नौजवान, नागरिक ने कस्बे को तिरंगामय बनाने का काम किया। इस कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू, आशीष गुप्ता, अनुज गुप्ता, अनिल परनामी, सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ईरिक्शा संघ के अध्यक्ष धीरु यादव, शिवनरायन धुरिया सहित ईरिक्शा संघ के समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों ने संचालन एवं अनुशासन बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *