कंटेनर की टक्कर से भीम आर्मी के दो कार्यकर्ताओं की मौत

सजेती थानाक्षेत्र के मुगल रोड पर हुआ हादसा
घाटमपुर (कानपुर)। गुरुवार की शाम थाना सजेती क्षेत्र के भदवारा गांव के निकट तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भीम आर्मी के कार्यकर्ता बताए गए हैं।
कस्बा घाटमपुर के मोहल्ला शिवपुरी पश्चिमी निवासी देवेंद्र संखवार (32 वर्ष) और ग्राम जाजपुर निवासी अभिषेक (22 वर्ष) भीम आर्मी के कार्यकर्ता बताए गए हैं। गुरुवार की शाम दोनों पार्टी के अरविंद बौद्ध और चार अन्य साथियों के साथ तीन बाइकों में जहानाबाद की ओर जा रहे थे।
शाम करीब पांच बजे जैसे ही वह सजेती थानाक्षेत्र के मुगल रोड पर स्थित पुलिस चौकी कुआंखेड़ा के भदवारा गांव के पास पहुंचे। तभी तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ट्रक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार देवेंद्र कुमार और अभिषेक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर पड़े दोनों युवकों के शवों को आनन-फानन वहां से उठाकर सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। इधर, हादसे की जानकारी होते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
दूसरी ओर मार्ग दुर्घटना में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई। सीएचसी परिसर में थाना सजेती के अलावा घाटमपुर की पुलिस मुस्तैदी के साथ डट गई। दोनों शवों को तत्काल पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया।
बताया गया कि कस्बा घाटमपुर निवासी देवेंद्र के पिता की काफी पहले मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद उसकी मां, पत्नी और बच्चों का रो रोकर हाल बेहाल था।
वहीं, ग्राम जाजपुर निवासी अभिषेक के बारे में बताया गया कि वह भी बाहर रहकर मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया हुआ था। जहां पर उसे नेतागिरी करने का चस्का लगा और वह भीम आर्मी में शामिल हो गया। बताया गया कि अरविंद बौद्ध के बुलावे पर सभी युवक जहानाबाद क्षेत्र में पार्टी का प्रचार करने जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *