
विधायक सरोज कुरील ने शिक्षा मंत्री से मुलाकात में की विस्तृत चर्चा
प्रदेश भर में 50 से कम नामांकन वाले विद्यालयों का ही समायोजन
अवध दीक्षित
घाटमपुर (कानपुर)। शिक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्रीय विधायक सरोज कुरील ने बुधवार को लखनऊ में शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि घाटमपुर क्षेत्र की यमुना पट्टी (तिरहर इलाके) में शीघ्र ही “मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय” बनेगा।
विधायक ने शिक्षा मंत्री से घाटमपुर क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। जिस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश भर में 50 से कम नामांकन वाले विद्यालयों का ही समायोजन किया जाएगा। जिससे संसाधनों का समुचित उपयोग और शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
शिक्षा मंत्री ने जो सबसे महत्वपूर्ण घोषणा की। उसके मुताबिक घाटमपुर क्षेत्र की तिरहर पट्टी में “मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय” की स्थापना की जाएगी। कहा कि इस विद्यालय में लगभग 1500 छात्र-छात्राएं एक साथ पढ़ाई कर सकेंगे।
बताया कि यह मॉडल विद्यालय न केवल भौतिक ढांचे में अत्याधुनिक होगा। बल्कि, इसमें कक्षा 1 से लेकर इंटरमीडिएट (12वीं) तक की शिक्षा एक ही परिसर में दी जाएगी। जिसमें डिजिटल क्लास रूम, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल मैदान व अन्य शैक्षणिक संसाधनों से भी सुसज्जित होगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि घाटमपुर की भावी पीढ़ियों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इस मौके पर विधायक सरोज कुरील ने कहा कि घाटमपुर की जनभावनाओं और आवश्यकताओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाना ही नहीं, बल्कि उन्हें ज़मीनी हकीकत बनाना हमारी जिम्मेदारी है। यह पहल उसी दिशा में एक मजबूत प्रयास है।
कहा कि हमारा प्रयास है कि घाटमपुर शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में एक आदर्श विधान सभा बने।”
फोटो- शिक्षा मंत्री से वार्ता करती विधायक सरोज कुरील।
