पुलिस की सुस्ती से चोरों के हौंसले बुलंद
साढ़ थानाक्षेत्र के मडेपुर गांव का मामला
घाटमपुर (कानपुर)। बीते मंगलवार की रात साढ़ थानाक्षेत्र के मडेपुर गांव में चोरों ने एक किसान के नलकूप में धावा बोला। वहां से हजारों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। किसान ने मामले की सूचना पुलिस में दी है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती से चोरों के हौंसले बुलंद हैं।
मडेपुर गांव निवासी सुनील तिवारी का खेतों में निजी नलकूप लगा हुआ है। जहां पर वह रात में रुकता है। वहीं पर अपने मवेशी भी बांधता है। चोरों ने बीते मंगलवार की रात में नलकूप में धावा बोला और झोपड़ी के बाहर लगी कटिया चारा मशीन के साथ ही नलकूप में रखे प्लास्टिक के पाइप, जीन और अन्य कीमती सामान उठाकर फरार हो गए।
सुनील तिवारी को बुधवार की सुबह घटना की जानकारी हुई। उसने बताया कि चोर करीब 20 हजार रुपए से अधिक का सामान उठा कर ले गए हैं। उसने मामले की सूचना पुलिस में दी है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरों का आतंक फैला हुआ है। वह घरों के साथ ही खेतों में नलकूपों में भी धावा बोल रहे हैं। बताया कि पुलिस में शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।
