राजधानी में सिंधी समाज के लोग राजनाथ सिंह से मिले। उन्होंने भगवान झूलेलाल जी की जयंती पर सार्वजनिक छुट्टी घोषित करने की मांग रखी। साथ ही भगवान झूलेलाल जी का स्वागत द्वार जल्द बनाए जाने की मांग की। आगे पढ़ें पूरी खबर…
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सिंधी समाज के लोग सांसद एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिले। समाज के लोगों ने अंगवस्त्र पहनाकर सांसद का स्वागत किया। उन्होंने भगवान झूलेलाल जी की जयंती पर सार्वजनिक छुट्टी घोषित करने की मांग रखी। इस मौके पर चेट्टी चंद मेला कमेटी व सिंधु सभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि 20 मार्च को देश भर में भगवान झूलेलाल जी की जयंती धूमधाम से मनाई जाती है। देश के सभी बीजेपी शासित राज्यों में इस दिन छुट्टी रहती है। यूपी में छुट्टी स्थगित है। यहां भी घोषित की जानी चाहिए।
इसके अलावा झूलेलाल वाटिका में स्वागत द्वार के लिए जल्द ही जगह चिह्नित करके बताने की बात कही। ताकि इसका काम शुरू हो सके। इसके लिए 46 लाख रुपये का फंड जारी हो चुका है।
इस दौरान सिंधु सभा के अध्यक्ष अशोक मोतियानी, अनिल बजाज, चेट्टी चंद मेला कमेटी अध्यक्ष रतन मेघानी, महामंत्री संजय जसवानी, सिन्धु सभा के कोषाध्यक्ष श्याम कृषनानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुनीत लाल चंदानी, घनश्याम दास सहित मौजूद अन्य लोगों ने सांसद को मांग पत्र सौंपा।
इस मौके पर मेला कमेटी के अशोक मोतियानी, रतन मेघानी और संजय जसवानी ने सिन्धी अकादमी का बजट दो करोड़ किए जाने पर भी चर्चा की। यह मुलाकात रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर हुई। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक मुकेश शर्मा, विधायक योगेश शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण: राजनाथ सिंह बोले- योगी जी ने माफिया को सही किया, लोग इनको ‘बुलडोजर बाबा’ कहते हैं
लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लोकार्पण किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे जनता को समर्पित किया। झूलेलाल पार्क में लोकार्पण समारोह हुआ। यूपी सरकार के कई मंत्री और भाजपा पदाधिकारी भी इसमें शामिल हैं। यह ग्रीन कॉरिडोर कुल 57 किलोमीटर लंबा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, योगी जी को लोग बुलडोजर बाबा के नाम से जानते हैं। इन्होंने माफियाओं को सही कर दिया। बुलडोजर सिर्फ तोड़ने का ही नहीं। नए विकास की जमीन भी तैयार करता है। कुछ ही दिनों में लखनऊ से कानपुर की यात्रा 35 से 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। यह नया अध्याय होगा। डिफेंस सेक्टर में भी लखनऊ पीछे नहीं है।
ब्रह्मोस, एयरो स्पेस से संबंधित काम भी लखनऊ में होगा। ब्रह्मोस से हमने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। अगर उन्होंने दोबारा कभी ऐसा करने का सोचा तो वह इससे कभी उबर नहीं पाएंगे। ब्रह्मोस की टेस्टिंग, इंटीग्रेशन फैसिलिटी का काम अब लखनऊ में होगा। लखनऊ देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देने का काम हो रहा है।
इस महीने के अंत या अप्रैल महीने की शुरुआत में ही लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे शुरू हो जाएगा। इसके बाद दोनों शहरों के बीच की दूरी मात्र 35 से 40 मिनट के बीच तय हो सकेगी। सीएम विकास के साथ ही स्वच्छता पर भी ध्यान दे रहे। घर घर से कूड़ा उठाया जा रहा। पहले लोग गोमती में कूड़ा फेंक देते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं है। पिछले साल लखनऊ को स्वच्छता में तीसरी रैंक मिल चुकी है, इसके लिए सभी को बधाई।
