डिप्टी सीएम केशव का विपक्ष पर बड़ा हमला, ‘बाजा बजा देंगे अफवाह फैलाने वालों का’

डिप्टी सीएम केशव का विपक्ष पर बड़ा हमला

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को संगम नगरी आगमन पर विपक्ष के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया। पुलिस लाइन हेलीपैड और सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत के बीच पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया। गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर देश में फैल रही खबरों पर डिप्टी सीएम ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा ‘अफवाह गांधी. और ‘अफवाह यादव’ विपक्ष के ये नेता केवल दुष्प्रचार कर रहे हैं ताकि जनता में भ्रम और डर पैदा हो। वैश्विक संकट की इस घड़ी में उन्हें देश के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन वे अपनी राजनीति चमका रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, आने वाले समय में अफवाह फैलाने वाले इन दोनों नेताओं का हम बाजा बजा देंगे। गैस की किल्लत के दावों को नकारते हुए उन्होंने आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि पहले जहां प्रतिदिन 55 लाख सिलेंडर बुक होते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति सुचारू है और सरकार हर नागरिक तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव और खाड़ी देशों के युद्ध संकट पर डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा वैश्विक संकट के बावजूद पीएम मोदी की सशक्त विदेश नीति के कारण ईरान से भारत में क्रूड ऑयल और गैस सफलतापूर्वक आ रही है। दुनिया देख रही है कि संकट के समय में भी भारत का झंडा बुलंद है और आगे भी रहेगा। आगामी चुनावों पर चर्चा करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश के अंदर कोई संकट नहीं है। भाजपा अब पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में विरोधियों को हराकर फिर प्रचंड बहुमत हासिल करेंगे। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आगामी जिला पंचायत चुनावों के लिए रणनीति तैयार है। इससे पहले पुलिस लाइन पहुंचने पर महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और अन्य जिला अध्यक्षों ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, निर्मला पासवान, राजेश शुक्ला, राजेंद्र मिश्रा, मृत्युंजय तिवारी, वरुण केसरवानी, आशीष गुप्ता, सुबोध सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *