फरसे से हमला कर किसान को रेलवे पटरी पर फेंकाग्रामीणों ने बचाई जान

हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में एक किसान पर फरसे और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने किसान को अधमरा कर रेलवे पटरी पर फेंक दिया। खेतों की ओर जा रहे किसानों की नजर पड़ने पर उसे पटरी से हटाकर बचाया गया।
ग्राम करहिया निवासी विश्वनाथ पुत्र विश्राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मार्च की रात करीब आठ बजे वह अपने खेत में मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही पप्पू व मोनू पुत्रगण छोटेलाल वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने फरसे व लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद हमलावर उन्हें रेलवे पटरी पर डालकर मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद खेतों की ओर जा रहे किसानों ने पटरी पर घायल अवस्था में पड़े किसान को देखा तो तुरंत उसे वहां से उठाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल किसान को इलाज के लिए सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित ने कोतवाली मौदहा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *