बरखेड़ा में दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 की कार्यशाला का भव्य शुभारंभ


पीलीभीत। मंगलवार को बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत अनुराग बैंक्वेट हॉल में आयोजित दो दिवसीय मंडल कार्यशाला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की नीतियों, विचारधारा और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ माँ भारती को नमन करते हुए की गई। इसके उपरांत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन किया गया, जिसके साथ ही कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
अपने संबोधन में स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन, उनके संघर्षों और एकात्म मानववाद की विचारधारा को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इन सिद्धांतों को अपने आचरण में उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मंत्री मंगली प्रसाद वर्मा, मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *