
व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में वांछित चल रहा था आरोपी, मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर भी की फायरिंग
मुकेश कुमार
पीलीभीत। बिलसंडा कस्बे के चर्चित व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार तड़के बिलसंडा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मामले के वांछित आरोपी लक्की मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम के एक मुख्य आरक्षी भी बाल-बाल बच गए।
पुलिस के अनुसार, थाना बिलसंडा क्षेत्र में अपराधियों की तलाश और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान सुबह करीब पांच बजे बंडा रोड स्थित ईटगांव नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली मुख्य आरक्षी सुनील कुमार के दाहिने बाजू को छूते हुए निकल गई।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय लक्की मौर्य के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने वाहन को सीज कर लिया है।
पप्पू गुप्ता की हत्या में था शामिल
पूछताछ में सामने आया कि 28 मई को बिलसंडा के बमरौली तिराहे पर स्थित पंकज कटियार की साइकिल दुकान में कुछ लोगों ने घुसकर मारपीट की थी। शोर सुनकर पास में कपड़े की दुकान चलाने वाले व्यापारी पप्पू गुप्ता मौके पर पहुंचे और भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में पप्पू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद पंकज कटियार की तहरीर पर बिलसंडा थाने में हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पारिवारिक रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पंकज कटियार और उनके ससुराल पक्ष के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते कथित रूप से साजिश रचकर घटना को अंजाम दिया गया।
इस मामले में पुलिस पहले ही रमेश चंद्र कटियार, उनके पुत्र विमल और सीतेश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब लक्की मौर्य की गिरफ्तारी को पुलिस जांच में अहम सफलता माना जा रहा है।
अस्पताल में चल रहा उपचार
मुठभेड़ में घायल लक्की मौर्य को पहले सीएचसी बीसलपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया गया। वहीं मुख्य आरक्षी सुनील कुमार की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आरोपी के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
