यूपी में दो बहनों पर तेजाब डाला: रिश्ता टूटने के बाद भी शादी को दबाव बना रहा था आरोपी, इनकार करने पर किया हमला

यूपी में दो बहनों पर तेजाब डाला

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक गांव में दो बहनों पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में दोनों बहनों को मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, सिंभावली थाना इलाके के गांव निवासी व्यक्ति ने हापुड़ निवासी युवक पर घर में घुस कर उनकी दो बेटियों पर तेजाब डालने का आरोप लगाया है। दोनों युवतियों को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ की आवास विकास कालोनी के रहने वाले हर्ष के साथ तय किया था। रिश्ता तय होने के बाद जानकारी हुई कि हर्ष नशा करता है। जिस कारण रिश्ता तोड़ दिया। पीड़ित का कहना है आरोपी लगातार उनकी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। स्पष्ट इंकार करने पर वह भड़क गया। आरोप है कि युवक शनिवार रात करीब सवा दो बजे बोतल में तेजाब लेकर दीवार फांद कर घर में घुस गया। आहट सुनकर उनकी बेटी की आंख खुल गई। इससे पहले वह कुछ समझ पाती, युवक ने उस पर तेजाब डाल दिया। बड़ी को बचाने की कोशिश करने पर छोटी बेटी पर भी तेजाब फेंका। जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। शोर मचाने पर ग्रामीण जाग गए। जिन्होंने भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया। जिसे 112 पर दी गई सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीओ राहुल यादव का कहना है कि तेजाब से झुलसी युवतियों का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *