संवाददाता
उरई (जालौन)। जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट गेट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1:33 बजे जमकर हंगामा हो गया। न्यायालय परिसर से बाहर निकलते ही अंगूरी देवी, उनके कदौरा निवासी भाई और उनके पति सुभाष अहिरवार निवासी मालवीय नगर, कोंच के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोर्ट के बाहर सड़क पर ही दोनों पक्ष एक-दूसरे से उलझ गए। अचानक हुए इस हंगामे को देख मौके पर राहगीरों और वादकारियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए कोर्ट गेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जाम जैसी स्थिति भी बन गई।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें थप्पड़ मारने की घटना कैद होने की बात कही जा रही है। हालांकि, रियल मीडिया नेटवर्क इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सूचना मिलते ही मौके पर ड्यूटी पर तैनात एसआई उर्फउद्दीन खान पहुंच गए और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस और दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
