बाल अपचारी पुलिस निगरानी मेंराठ—–कोतवाली पुलिस ने नगर के नहर बाईपास स्थित गैराज में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस निगरानी में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ बोरियों में भरे विभिन्न प्रकार के मोटर पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि बीते 10 अक्टूबर को नहर बाईपास स्थित एक गैराज में चोरी हुई थी। इस मामले में 13 अक्टूबर को तहरीर मिलने पर राठ कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान छोटेलाल पुत्र सूरज कोरी निवासी पठानपुरा, राठ और प्रमोद उर्फ हल्के पुत्र धर्मराज राजपूत निवासी गायत्रीनगर, राठ के नाम सामने आए। मामले में एक बाल अपचारी की संलिप्तता भी सामने आई।पुलिस ने बुधवार को स्यावरी रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बाल अपचारी को पुलिस निगरानी में ले लिया। उनके कब्जे से चोरी का बताया गया सामान बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में एक इंजन हेड, एक डेग, एक गियर बॉक्स, दो हेड, एक टर्बो, एक टेपिट कवर, 12 वोल्ट की एक बैटरी, आठ अल्टरनेटर, छह सेल्फ स्टार्टर, दो छोटी-बड़ी टूलकिट, एक मेन फ्लू और तीन साइलेंसर शामिल हैं। बरामद सामान को आठ बोरियों में रखा गया था।पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश प्रसाद आदि रहे।
राठ में गैराज चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
