मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 350 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे- खागा और हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्रों में हुए समारोह, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

फतेहपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को जनपद के खागा और हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। इन समारोहों में कुल 350 जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान नवदंपतियों को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।खागा विधानसभा क्षेत्र के धाता विकासखंड की ग्राम पंचायत पौली के मजरे सुधवापुर में आयोजित समारोह में राज्य मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग, कृष्णा पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं, हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र के ऐरायां विकासखंड परिसर में आयोजित समारोह में विधायक ऊषा मौर्या, ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। जिला प्रशासन के अनुसार, विकासखंड विजयीपुर में 60, धाता में 55, ऐरायां में 54, हथगांव में 67 और भिटौरा में 73 जोड़ों का विवाह कराया गया। इसके अलावा नगर पंचायत हथगांव में दो, कारीकान धाता में 10, किशनपुर में दो, खखरेरू में छह और खागा में 21 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस प्रकार कुल 350 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। समारोह में प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से वैवाहिक उपहार और गृहस्थी की सामग्री प्रदान की गई। इसमें वधू के लिए साड़ी-ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, वैनिटी किट, चूड़ियां, कंगन और सिंदूरदान सहित श्रृंगार की सामग्री शामिल रही। वहीं, वर के लिए पैंट-शर्ट का कपड़ा और फेटा या गमछा दिया गया। इसके अतिरिक्त डिनर सेट, पांच लीटर का प्रेशर कुकर, कढ़ाही, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, 10 लीटर का कूल केज, डबल बेड की चादर, तकिया कवर, दो कंबल, गद्दे, तकिए, इंसुलेटेड हॉटस्पॉट तथा मिठाई और ड्राई फ्रूट भी वितरित किए गए। सामग्री पाकर नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल रहा।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, विश्वास और आपसी सहयोग के साथ जीवन बिताने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *