इंदिरा प्रेक्षागृह,तिलक महाविद्यालय में अपराह्न 12:30 बजे से आयोजित होगा कार्यक्रम
औरैया। भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जिला प्रशासन औरैया के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ द्वारा रचित प्रसिद्ध काव्य ‘रश्मिरथी’ पर आधारित नाट्य मंचन का आयोजन 28 अक्टूबर बुधवार को किया जाएगा। कार्यक्रम इंदिरा प्रेक्षागृह, तिलक महाविद्यालय, औरैया में अपराह्न 12:30 बजे से आयोजित होगा। यह नाट्य मंचन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मार्गदर्शन में अखण्ड भारत के स्वतंत्रता वीर नायकों पर आधारित नाट्य मंचन श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय साहित्य, संस्कृति एवं गौरवशाली ऐतिहासिक परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाना तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र के वीर नायकों के आदर्शों एवं प्रेरणादायी प्रसंगों से परिचित कराना है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कालजयी रचना ‘रश्मिरथी’ महाभारत के महान योद्धा कर्ण के जीवन, संघर्ष, स्वाभिमान, दानशीलता और वीरता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। नाटक के माध्यम से दर्शकों को कर्ण के व्यक्तित्व, उनके जीवन के संघर्षों तथा मानवीय मूल्यों से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा। इस नाट्य प्रस्तुति के निर्देशक मिथिलेश कुमार सिंह हैं। कार्यक्रम में कला, साहित्य एवं संस्कृति में रुचि रखने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा जनपदवासियों से सहभागिता की अपेक्षा की गई है। जिला प्रशासन औरैया की ओर से जनपद के समस्त नागरिकों को उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित होकर नाट्य मंचन का आनंद लेने हेतु सादर आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन जनपद में सांस्कृतिक चेतना के प्रसार तथा भारतीय साहित्यिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
