पत्रकार पर जानलेवा हमला, पत्नी और पुत्र को भी पीटा हालत गंभीर

लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी के बेंट से किया हमला, गंभीर हालत में छोड़कर भागे हमलावर; पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा

औरैया। थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम कमलपुर में दबंगों ने एक पत्रकार सुभाष चंद्र राणा पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान पत्रकार के पुत्र और पत्नी को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी के बेंट से बेरहमी से मारपीट की तथा परिवार के मोबाइल फोन भी छीन लिए। घटना में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पत्रकार सुभाष चंद्र राणा ग्राम तर्रई के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने थाना पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पत्रकार को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर भेजा गया।पत्रकार और उनके परिवार पर हुए इस हमले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के पत्रकारों और मीडिया जगत में आक्रोश एवं मायूसी का माहौल है। लोगों का कहना है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से जुड़े व्यक्ति और उसके परिवार पर इस तरह का हमला बेहद गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। अब देखना यह है कि पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कितनी शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *