राठ (हमीरपुर)। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रामलीला मैदान से उपजिलाधिकारी चित्रा निर्वाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में मतदान के महत्व और उसके लाभों से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया।इस मौके पर एसडीएम चित्रा निर्वाल ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संशोधन भी कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में पात्र नागरिक मतदाता सूची से संबंधित कार्य करा सकेंगे।रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर काजीपुरा पुलिया, बजरिया और अंबेडकर चौराहा होते हुए तहसील परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में मां शारदा बालिका मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बीएनवी डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस दौरान तहसीलदार कुमार दिलीप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश त्रिपाठी, नवीन बुधौलिया, प्रवीण बुधौलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।नोट: मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं एसडीएम चित्रा निर्वाल।
मतदाता जागरूकता रैली निकालकर मतदान के प्रति किया जागरूक, एसडीएम ने दिखाई हरी झंडी
