किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे निराश्रित गोवंश पर नियंत्रण की मांग।
हमीरपुर। जिले में अन्ना गोवंश की बढ़ती समस्या से परेशान किसानों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं जिलाधिकारी अशोक कुमार के सामने रखीं। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बैठक के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और निराश्रित गोवंश से निजात दिलाने की मांग उठाई।किसानों ने बताया कि अन्ना गोवंश खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके चलते किसानों को दिन-रात अपनी फसलों की रखवाली करनी पड़ रही है। कई स्थानों पर गोवंश के झुंड किसानों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। किसानों का कहना था कि इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना जरूरी है, ताकि उनकी मेहनत और फसल सुरक्षित रह सके।किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि निराश्रित गोवंश को पकड़वाकर गोशालाओं में संरक्षित कराया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।किसानों की समस्याएं सुनने के बाद जिलाधिकारी अशोक कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया कि अन्ना गोवंश की समस्या से जल्द छुटकारा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
