मंदिर-मस्जिद की राजनीति छोड़ शिक्षा,स्वास्थ्य और विकास पर ध्यान दे सरकार-अनूप शुक्ला

20 दिसंबर को लखनऊ में होगी व्यापारी अधिकार रैली, औरैया में व्यापारियों से जनसंपर्क कर शामिल होने की अपील की।

औरैया। व्यापारियों के अधिकारों, सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आगामी 20 दिसंबर को राजधानी लखनऊ के रामलीला मैदान में संगठन की ओर से विशाल व्यापारी अधिकार रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर से करीब 25 हजार से अधिक व्यापारियों के शामिल होने का दावा किया गया है। रैली को सफल बनाने के लिए संगठन ने प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के मोहल्ला महावीरगंज स्थित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र गुप्ता ‘गुड्डू दादा’ के आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें पहुंचे प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने व्यापारियों के अधिकारों और उनकी मौजूदा समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश में करीब 30 प्रतिशत व्यापारी वर्ग है, जबकि लगभग 200 सीटों पर व्यापारी समाज का खासा प्रभाव है। इसके बावजूद व्यापारियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल पा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों की आवाज को मजबूती देने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संगठन पूरे प्रदेश में सम्पर्क किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को औरैया, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज का दौरा कर व्यापारियों से संवाद किया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें 20 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित विशाल रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र गुप्ता ‘गुड्डू दादा’ ने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना और उन्हें अधिकारियों के कथित शोषण से मुक्ति दिलाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है, जिससे व्यापारी वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की आवाज को शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रदेशव्यापी संपर्क अभियान की शुरुआत औरैया से की गई है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी प्रमुख जनपदों में व्यापारियों से संवाद कर उन्हें एकजुट किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि व्यापारी उसी दल और नेतृत्व का समर्थन करेंगे, जो उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनेगा। साथ ही उनके अधिकारों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाएगा। व्यापारियों के हितों की बात करने वालों को ही व्यापारी समाज का समर्थन मिलेगा। प्रेस वार्ता में व्यापार मंडल की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष आशा पटेल, अनिल शुक्ला, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विनय पुरवार, अशोक गुप्ता, अजय अग्रवाल, सचिन गुप्ता, हर्षित सैनी, उमेश बिश्नोई, शेखर गुप्ता एवं रिजवान भाई सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *