मुड़चौरा धाम में गूंजा महाराजा भगवन्तराय खींची का जयघोष, शौर्य दिवस पर उमड़ा जनसैलाब

ऐतिहासिक विजय और वीरता को किया गया याद, सांसद की ओर से टीनशेड व जिला पंचायत अध्यक्ष ने सड़क निर्माण पूरा कराने की घोषणा कीअसोथर/फतेहपुर। वीरता, पराक्रम और स्वाभिमान की ऐतिहासिक गाथा को याद करते हुए गाजीपुर के समीप हथेमा ग्राम पंचायत स्थित ऐतिहासिक मुड़चौरा धाम में महाराजा भगवन्तराय खींची की स्मृति में शौर्य दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खींची वंश के सैकड़ों लोग जुटे और अपने पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास को याद किया। कार्यक्रम में महाराजा भगवन्तराय खींची की उस ऐतिहासिक विजय का स्मरण किया गया, जब मान्यता के अनुसार उन्होंने युद्ध में जहानाबाद के नवाब शहादत खान को पराजित कर अपनी वीरता और युद्ध कौशल का परिचय दिया था।कार्यक्रम में राजस्थान के जोधपुर से पहुंचे खींची वंश के गंगासिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, असोथर नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर, असोथर रियासत के वर्तमान राजा यशवन्तराय, कर्नल अवधेश प्रताप सिंह तथा सांसद प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी मौजूद रहे। इसके अलावा अर्की, चित्रकूट और असोथर सहित विभिन्न क्षेत्रों से खींची चौहान वंश के सैकड़ों लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान मुड़चौरा धाम के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। सांसद प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने सांसद की ओर से ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाली इस पुण्यभूमि पर टीनशेड का निर्माण कराने की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने उनके द्वारा पूर्व में बनवाई गई सड़क के शेष निर्माण कार्य को भी पूरा कराने का भरोसा दिया। इन घोषणाओं का उपस्थित लोगों ने स्वागत करते हुए सांसद और जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा भगवन्तराय खींची के शौर्य, साहस, पराक्रम और ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्वजों का गौरवशाली इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी ऐतिहासिक विरासत, परंपराओं और गौरवशाली अतीत से जोड़ने का काम करते हैं। अंत में उपस्थित लोगों ने महाराजा भगवन्तराय खींची के आदर्शों को आत्मसात करने और उनकी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *