ढाई वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, चचिया ससुर पर शक मां ने लगाया गंभीर आरोप

हालत बिगड़ने पर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर की गई बच्ची; पुलिस जांच में जुटी

हमीरपुर। राठ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने अपने चचिया ससुर पर घर में ही गलत हरकत करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया।परिजनों के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। आरोप है कि घर में मौजूद चचिया ससुर ने मासूम बच्ची के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद जब मां ने बच्ची की हालत देखी तो वह रो रही थी और उसे बुखार भी था। बच्ची की स्थिति देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया।मां का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी मौके से चला गया और सूचना दिए जाने के बावजूद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आरोपी के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मासूम की चिकित्सकीय जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई के आधार पर मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *