200 विद्यालयों में चलेगा सुरक्षा प्रशिक्षण अभियान, बच्चों को आपदा से बचाव के सिखाए जाएंगे तरीके

मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तीसरे चरण की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, 22 नवंबर को होगी ब्लैकआउट मॉकड्रिल

फतेहपुर। प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद के 200 विद्यालयों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम (चरण-3) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी करने और विद्यालयों में बच्चों को आपदा से बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विभिन्न प्रकार के खतरों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे स्वयं को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने कहा कि बाढ़, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ आग लगने और अन्य मानवजनित दुर्घटनाओं से निपटने की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी जानी चाहिए। विद्यालयों में जर्जर भवन, दोषपूर्ण निर्माण, खुली निर्माण सामग्री, असुरक्षित ढंग से रखे गए सामान, अलमारियों और परिसर में सांपों व जहरीले कीड़ों की मौजूदगी जैसे संभावित खतरों की पहचान कर उनसे बचाव के उपाय सिखाने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के तीसरे चरण के तहत जनपद में कुल 200 विद्यालयों का चयन किया जाना है। इनमें माध्यमिक शिक्षा के 100 विद्यालय, 60 निजी विद्यालय और 40 सरकारी एवं गैर सरकारी महाविद्यालय शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि विद्यालयों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। विशेष रूप से ऐसे विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाए, जो मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के प्रथम और द्वितीय चरण में शामिल नहीं हुए थे। उन्होंने निर्देशित किया कि मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से चयनित विद्यालयों में कार्ययोजना तैयार कर रोस्टर के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। प्रशिक्षण में केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रहकर व्यावहारिक अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, विभिन्न आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी जाए। साथ ही सचेत, दामिनी और मौसम एप के उपयोग तथा मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान को समझने के तरीके भी बताए जाएं। आपातकालीन सहायता के लिए 112, 108, 1070, 1077, 1090 और 1033 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देना भी प्रशिक्षण का हिस्सा होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ संचालित किया जाए, जिससे आपदा के समय बच्चों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन भी प्रभावी ढंग से बचाव कार्य कर सके। इसके लिए जनपद स्तर पर मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तीसरे चरण से संबंधित मेगा इवेंट आयोजित करने और विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने 22 नवंबर 2026 को जनपद में आयोजित होने वाली ब्लैकआउट मॉकड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मॉकड्रिल के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित करने और अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल से पहले विभिन्न माध्यमों से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके उद्देश्य और प्रक्रिया से परिचित हो सकें।बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए, पुलिस क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला आपदा विशेषज्ञ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *